लाहौर 1947 एक ऐसा प्रोजेक्ट जिसे आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। राजकुमार संतोषी ने डायरेक्ट किया है। सनी देओल फिल्म में लीड रोल कर रहे हैं। यह फिल्म लंबे समय से बनकर तैयार है। मगर सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पा रही थी। मगर अब आमिर ने खुद इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस कर दी है। हालांकि उन्होंने जो डेट चुनी है, वहां उनकी सीधी टक्कर सलमान खान की बैटल ऑफ गलवान के साथ हो सकती है।
हिंदुस्तान टाइम्स से हुई बातचीत में आमिर ने बताया कि लाहौर 1947 13 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके कुछ देर बाद ऑफिशियली भी फिल्म की रिलीज़ डेट अनाउंस कर दी गई। क्योंकि यह मूवी लंबे समय से बनकर तैयार है इसलिए धर्मेंद्र ने अपने निधन से पहले ही इसे देख लिया था। आमिर ने बताया कि यह फिल्म धर्मेंद्र को बेहद पसंद आई थी। खैर मुद्दा यह है कि लाहौर 1947 को आखिरकार एक ठोस रिलीज़ डेट मिल गई। 13 अगस्त को गुरुवार है। ऐसे में मेकर्स को 15 अगस्त यानी इंडिपेंडेंस डे वाले वीकेंड का फायदा मिल सकता है
फिल्म का सब्जेक्ट देश की आजादी और पार्टीशन से जुड़ा है। ऐसे में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म कर सकती है। मगर दिक्कत यह है कि इसका क्लैश सलमान खान की बैटल ऑफ गलवान के साथ हो सकता है। अब आपको पूरा गणित समझाते हैं। रिपोर्ट्स हैं कि सलमान खान अपनी फिल्म बैटल ऑफ गलवान को 17 अप्रैल को रिलीज़ नहीं कर पाएंगे क्योंकि फिलहाल फिल्म के कुछ हिस्से रिशूट किए जा रहे हैं। पब्लिक से जो फीडबैक मिला उसके आधार पर फिल्म में सुधार किए जा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि अब बैटल ऑफ गलवान 14 अगस्त को रिलीज़ हो सकती है। हालांकि मेकर्स ने फिल्म की रिलीज़ डेट को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है।
अगर बैटल ऑफ गलवान 14 अगस्त को आती है तो उसका सीधा मुकाबला लाहौर 1947 से होगा। दोनों देशभक्ति वाली थीम पर बनी फिल्में हैं। दोनों के लिए यह वीकेंड फायदेमंद हो सकता है। मगर तब जब दोनों में से कोई एक फिल्म ही इस तारीख पर रिलीज़ हो। अब देखना यह होगा कि कोई अपनी फिल्म को आगे पीछे खिसकाता है या दोनों पक्ष क्लैश मोड़ लेते हैं। हालांकि इस टकराव की संभावना बेहद कम है क्योंकि सलमान और आमिर करीबी दोस्त हैं वहीं सनी देओल का इक्वेशन भी सलमान के साथ काफी अच्छा है। इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों पक्ष बैठकर इस टकराव को टाल देंगे। इस पर जो भी अपडेट्स आएंगे वो हम आप तक लाते रहेंगे।